ग्वालियर: आज रविवार सेे पितृ पक्ष की शुरूआत हो गई। पहले दिन लोगों ने कटोराताल, सागरताल, जनकताल, लक्ष्मण तलैया, तिघरा, वीरपुर, अलापुर आदि जलाशयों में पूर्णिमा और प्रतिपदा तिथि का श्राद्ध किया। सुबह पितरों की आत्मशांति के लिए दाब हाथ में लेकर पानी के बीचों-बीच पितरों की शांति के लिए तर्पण किया गया। लोग श्राद्धपक्ष के चलते 15 दिनों तक अपने पितरों का श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान करेंगे।
कटोरा ताल, लक्ष्मण तलैया सहित अन्य स्थानों पर बड़ी संख्या मेें लोगों ने पितरों को श्राद्ध दिया। श्राद्धपक्ष में आमजन मंदिरों में भी दान-पुण्य कर रहे हैं। वहीं पितृ पक्ष प्रारंभ होते ही बाजारों में इमरती और मंगोड़े की मांग बढ़ गई है। पितरों की आत्मशांति के लिए विधि विधान के साथ पूजा अर्चना करते हुए श्वान को इमरती और मंगोड़े खिलाए जा रहे हैं। श्राद्ध पक्ष के दौरान पितरों की आत्मा की शांति के लिए अनुष्ठान, पूजा कर ब्राह्मणों को भोजन कराया जा रहा है। पितृ पक्ष के दौरान शुभ योग पडऩे के कारण बाजारों में खरीदारी का दौर जारी रहेगा, हालांकि इस दौरान मुंडन, ग्रह प्रवेश सहित किसी भी तरह के मांगलिक कार्य नहीं होंगे।
