सीहोर। दस दिवसीय श्रीगणेश महोत्सव का समापन अनंत चतुर्दशी पर श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ. सुबह से ही पंडालों में हवन-पूजन और महाआरती आयोजित की गई, जिसके बाद भक्तों ने गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया. टाउन हॉल के पास बने स्टॉप डैम, सीवन नदी घाट और अन्य जल स्रोतों पर देर रात तक विसर्जन का क्रम चलता रहा.
नगर में निकले भव्य चल समारोह में झिलमिलाती झांकियां, अखाड़ों के करतब और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य करती युवाओं की टोली आकर्षण का केंद्र रही
जगह-जगह बने मंचों से झांकियों और कलाकारों का स्वागत हुआ. हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा की पुख्ता व्यवस्था की. नगर पालिका ने घाटों पर क्रेन, नाव और गोताखोरों की विशेष व्यवस्था की, वहीं अखाड़ों और झांकियों को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की गई. ग्रामीण अंचलों से आए लोगों ने देर रात तक भक्ति और उल्लास से भरे इस अद्भुत दृश्य का आनंद उठाया.
