इंदौर: लगातार दो दिनों से जारी बारिश ने शहर की परेशानी बढ़ा दी है. शुक्रवार देर शाम सिरपुर तालाब के कैचमेंट एरिया स्थित अम्मार नगर में एक तीन मंजिला मकान भरभराकर गिर गया. हादसे के बाद वहां मौजूद परिवार की महिलाओं और बच्चों के चीखते-चिल्लाते व रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए.
तेज बारिश देर रात तक जारी रही इसी बीच सिरपुर तालाब किनारे बसी अवैध कॉलोनी अम्मार नगर में यह हादसा हुआ.
मकान ढहने के समय आसपास के करीब 150 घरों में भी पानी भर गया, जिससे लोग पूरी रात परेशान होते रहे. हादसे के बाद जब नगर निगम अधिकारियों से पूछा गया तो उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर की. उनका कहना था कि सिरपुर तालाब के कैचमेंट क्षेत्र में बनी ज्यादातर अवैध कॉलोनियों में हर बार पानी भर जाता है, यही पानी आगे घरों में घुसता है.
निगम अधिकारियों के मुताबिक इसमें नया कुछ भी नहीं है, जबकि हकीकत यह है कि जलजमाव रोकने की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल हालात बिगड़ते हैं, लेकिन निगम की ओर से न तो स्थायी समाधान किया गया और न ही भविष्य की कोई योजना तैयार है. इस लापरवाही के चलते अब हादसे भी होने लगे हैं.
