दो वर्षों के सुशासन में विकास के नए आयाम, 1000 करोड़ से अधिक की सड़क-पुल परियोजनाएं स्वीकृत : विष्णु देव साय

जशपुर, 19 दिसंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को जशपुर जिले के कुनकुरी में आयोजित एक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्य सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का ब्योरा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवधि में जिले के विकास के लिए 1000 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क और पुल परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि जशपुर को 220 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल, मातृत्व-शिशु चिकित्सालय, कल्याण आश्रम में अत्याधुनिक अस्पताल के साथ ही नर्सिंग और फिजियोथेरेपी महाविद्यालय की सौगातें मिली हैं। बुनियादी ढांचे पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि जिले की 623 सड़कों के लिए 998 करोड़ रुपये और 22 उच्च स्तरीय पुलों के लिए 109 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा हाल ही में करोड़ों रुपये के नए विकास कार्यों को अतिरिक्त स्वीकृति दी गई है।

शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में श्री साय ने करडेगा-फरसाबहार में महाविद्यालय की स्थापना और मयाली नेचर कैंप सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों तक पहुंच मार्ग की स्वीकृति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुनकुरी के हर्राडांड में प्रदेश का पांचवां 400 केवी उपकेंद्र और 11 नए सब-स्टेशनों के निर्माण से बिजली आपूर्ति सुदृढ़ होगी। किसानों के कल्याण के संबंध में उन्होंने 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण का जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की इन योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं। इस अवसर पर विधायक गोमती साय, रायमुनी भगत और पूर्व संसदीय सचिव भरत साय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

Next Post

चंद्रबाबू ने नितिन नवीन से की मुलाकात

Sat Dec 20 , 2025
नयी दिल्ली, 19 दिसंबर (वार्ता) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) सुप्रीमो एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को यहां बिहार भवन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर केंद्रीय मंत्री राम मोहन […]

You May Like

मनोरंजन