
खंडवा। दादाजी की नगरी खंडवा में दस दिनों से चल रहा गणेश उत्सव शनिवार को धार्मिक उत्साह और परंपरागत धूमधाम के साथ सम्पन्न हुआ। देर रात तक शहरभर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन होता रहा। भक्तों ने गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों के बीच रिद्धि-सिद्धि के दाता गणेश जी को विदाई दी।
शहर की सड़कों पर ढोल-नगाड़ों और ताशों की थाप पर झूमते श्रद्धालु, गुलाल से सराबोर माहौल और अखाड़ों के करतब देखने लायक रहे। इस बार महाराष्ट्र की तर्ज पर आदमकद प्रतिमाएं विराजित की गई थीं, जिनके दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ा। गणेश मंडलों द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थायी झांकियों ने आकर्षण बढ़ाया।
यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी से व्यवस्था सुचारू बनी रही। देर रात तक पूरे शहर में उत्सव का उल्लास और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
