इंदौर: शहर और प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल एमवाय में चूहों के कुतरने से नवजातों की मौत को लेकर स्वास्थ मंत्री इस्तीफा दे. साथ ही एमवाय के डीन और अधीक्षक को तुरंत हटाया जाए.उक्त मांग प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने की है. जीतू पटवारी आज शाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के साथ एमवाय अस्पताल का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने बच्चों के आईसीयू में जाकर स्थिति को देखा.
अस्पताल के अन्य वार्ड में भी स्थिति को देखा. अस्पताल अधीक्षक से बच्चों को चूहे के द्वारा कुतर लिए जाने के घटनाक्रम पर जानकारी ली. दौरे के बाद पटवारी ने कहा यह घटना बहुत गंभीर और चिंताजनक है. घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेकर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए. घटना के बाद सरकार ने कार्रवाई के नाम पर दो नर्सिंग इंचार्ज को हटाया गया है. जरूरी यह है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार मेडिकल कॉलेज डीन और अस्पताल अधीक्षक को हटाया जाए.
एक बच्चे का नहीं किया पोस्टमार्टम
पटवारी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जो कि इंदौर के प्रभारी मंत्री भी हैं वह कल गुरुवार को इंदौर में थे. यहां अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लेते रहे लेकिन इस अस्पताल में आकर यहां की स्थिति को देखने की उन्हें फुर्सत नहीं मिली? जिन दो बच्चों की मौत हुई है, उसमें से एक बच्चे का पोस्टमार्टम भी नहीं किया गया. पटवारी ने अस्पताल अधीक्षक से जिस बच्चे का पोस्टमार्टम किया गया है, उसके पोस्टमार्टम की वीडियो रिकॉर्डिंग भी मांगी. दौरे के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश चौकसे मौजूद थे.
