विश्व मुक्केबाजी : सुमित और नीरज ने विपरीत अंदाज में जीत दर्ज की

लिवरपूल, (वार्ता) सुमित कुंडू (पुरुष 75 किग्रा) और नीरज फोगाट (महिला 65 किग्रा) ने विपरीत अंदाज में जीत दर्ज करते हुए अपने-अपने भार वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। शुक्रवार को ब्रिटेन के लिवरपूल में विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारतीय मुक्केबाजों का दबदबा जारी रहा।

पुरुषों के 75 किग्रा वर्ग के पहले राउंड में सुमित को जॉर्डन के मोहम्मद अलहुसिएन के खिलाफ तीनों राउंड में कोई परेशानी नहीं हुई और उन्होंने 5:0 से जीत हासिल की, जबकि नीरज को फिनलैंड की क्रिस्टा कोवलैनेन को हराने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और 3:2 से जीत हासिल की।

भारत ने हाल ही में गठित अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी नियामक संस्था, विश्व मुक्केबाजी के तत्वावधान में आयोजित हो रही पहली विश्व चैंपियनशिप में 20 सदस्यीय मजबूत दल उतारा है और ब्राजील और कजाकिस्तान में हुए विश्व मुक्केबाजी कप में अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखना चाहता है।

नीरज प्रतियोगिता के दूसरे दिन सबसे पहले रिंग पर उतरीं और फ़िनलैंड की राष्ट्रीय चैंपियन कोवलैनेन के दूसरे राउंड में जबरदस्त वापसी के कारण दबाव में थीं। लेकिन तीसरे राउंड में भारतीय खिलाड़ी ने अपनी प्रतिद्वंद्वी पर कड़ा प्रहार किया और पांच में से चार जजों से मुकाबला जीतकर आगे बढ़ने का समर्थन हासिल किया।

इसके बाद सुमित ने अलहुसियन के खिलाफ तीनों राउंड में दबदबा बनाते हुए राउंड 16 में जगह बनाई।

पिछली रात के सत्र में, सनामाचा चानू ने डेनमार्क की डिट्टे फ्रॉस्टहोम को हराकर महिलाओं के 70 किग्रा वर्ग में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी, जबकि विश्व मुक्केबाजी कप अस्ताना की स्वर्ण पदक विजेता साक्षी ने महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग के अपने पहले मुकाबले में यूक्रेन की विक्टोरिया शेकुल को हराया था।

साक्षी यूक्रेनी मुक्केबाज के खिलाफ़ अपने सर्वश्रेष्ठ आक्रामक अंदाज़ में थीं और रेफरी को दूसरे राउंड में मुकाबला रोकना पड़ा (आरएससी)। हर्ष चौधरी (पुरुष 90 किग्रा) पहले राउंड में उलटफेर का सामना करने वाले एकमात्र भारतीय मुक्केबाज रहे, उन्हें पोलैंड के एडम टुटक के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

शुक्रवार को शाम के सत्र में, नरेंद्र (पुरुष 90 किग्रा) का सामना आयरलैंड के मार्टिन मैकडोनाग से होगा, जबकि जैस्मीन महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग में यूक्रेन की डारिया-ओल्हा हुतारिना के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।

Next Post

अजीत चव्हाण की 6 अंक की जादुई रेड के बदौलत यू मुंबा ने बेंगलुरू बुल्स को 20 अंक से हराया

Sat Sep 6 , 2025
विशाखापट्टनम, (वार्ता) यू मुंबा और बेंगलुरू बुल्स के बीच प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 12वें सीजन का 15वां मैच इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। ऐसा इसलिए नहीं कि मुंबा ने एकतरफा अंदाज में बुल्स को 48-28 के अंतर से हराया बल्कि इसलिए कि मुंबा के रेडर अजीत चव्हाण […]

You May Like