दानिश मालेवर, शुभम शर्मा और रजत पाटीदार ने सेंट्रल जोन को संभाला

बेंगलुरु 05 सितंबर (वार्ता) दानिश मालेवर (76), शुभम शर्मा (नाबाद 60) और कप्तान रजत पाटीदार (नाबाद 47) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर सेंट्रल जोन ने दलीप ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल के दूसरे दिन शुक्रवार को वेस्ट जोन के खिलाफ दिन का खेल समाप्त होने के समय 67 ओवर में दो विकेट पर 229 रन बना लिये है। हालांकि वह अभी भी वेस्ट जोन के पहली पारी में बनाये गये स्कोर से 209 रन पीछे है।

वेस्ट जोन ने कल के छह विकेट पर 363 रनों से आगे खेलना शुरु किया। 102वें ओवर में आयुष पांडेय ने अपना अर्धशतक पूरा कर चुके कप्तान शार्दुल ठाकुर को रनआउट कर वेस्ट जोन को सातवां झटका दिया। इसके बाद वेस्ट जोन का कोई भी बल्लेबाज सेंट्रल जोन की गेंदबाजी के आगे अधिक देर तक नहीं टिक सका। एक ओवर के बाद ही हर्ष दुबे ने तनुष कोटियान को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। तनुष कोटियान ने 166 गेंदों में छह चौकों की मदद से 76 रन बनाये। धर्मेंद्रसिंह जडेजा (एक) और अरजान नागवासवाला तीन रन बनाकर आउट हुये। वेस्ट जोन की पूरी टीम 108 ओवर में 438 के स्कोर पर सिमट गई। तुषार देशपांडे 18 रन बनाकर नाबाद रहे।

सेंट्रल जोन के लिए सारांश जैन और हुर्ष दुबे ने तीन-तीन विकेट लिये। खलील अहमद को दो विकेट मिले। दीपक चाहर ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी सेंट्रल जोन के लिए आयुष पांडेय और दानिश मालेवर की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़े। 18वें ओवर में अरजान नागवासवाला ने आयुष पांडेय (40) को आउटकर नॉर्थ जोन को पहली सफलता दिलाई। दूसरे विकेट के रूप में दानिश मालेवर 76 रन बनाकर आउट हुये। दिन का खेल समाप्त होने के समय सेंट्रल जाेन ने 67 ओवरों में दो विकेट पर 229 रन बना लिये है और शुभम शर्मा (नाबाद 60) और कप्तान रजत पाटीदार (नाबाद 47) क्रीज पर मौजूद हैं। सेंट्रल जोन अभी भी वेस्ट जोन के पहली पारी में बनाये गये स्कोर से 209 रन पीछे है।

वेस्ट जोन की ओर से अरजान नागवासवाला और धर्मेंद्रसिंह जडेजा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

स्पाइसजेट को पहली तिमाही में 238 करोड़ का नुकसान

Fri Sep 5 , 2025
नयी दिल्ली, 05 सितंबर (वार्ता) किफायती विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 238 करोड़ रुपये की नुकसान हुआ है। कंपनी शुक्रवार को पहली तिमाही के वित्तीय परिणामों की घोषणा की। उसका नेटवर्थ एक साल पहले के 2,398 करोड़ रुपये नकारात्मक की तुलना में जबरदस्त […]

You May Like