48 घंटे में मादक पदार्थ तस्करी के 2 मामले, 5 आरोपी गिरफ्तार, 117.54 किलो डोडाचूरा जब्त

मनासा। प्रदेश को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत मनासा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 117.54 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं मनासा एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में मनासा पुलिस टीम ने की।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत, खरीद-फरोख्त, परिवहन और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पहली कार्रवाई में 59.740 किलो डोडाचूरा जब्त

18 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मनासा पुलिस ने घेराबंदी कर सोमदत्त उर्फ सोमू पिता सुखजीत कुमार नायक और सरबजीत सिंह उर्फ बब्बू पिता जगसीर सिंह सिख को पकड़ा।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे में मौजूद बैगों की तलाशी ली, जिसमें से 59.740 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। मामले में फरार आरोपी सुरजी सिंह निवासी जलालाबाद, पंजाब की तलाश जारी है।

दूसरी कार्रवाई में 57.800 किलो डोडाचूरा बरामद

19 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दूसरी कार्रवाई करते हुए सतनाम सिंह पिता शेरसिंह, राजबिंदर सिंह पिता लालसिंह और राजप्रीत सिंह उर्फ टीनू पिता जरनेल सिंह को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे वाले बैगों से 57.800 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

3.94 लाख का माल जब्त

दोनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 117.54 किलोग्राम डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ?3.10 लाख बताई गई है, जब्त किया। इसके अलावा चार एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब ?84,100 बताई गई है।

इस तरह पुलिस द्वारा जब्त किए गए कुल माल की अनुमानित कीमत 3,94,100 है।

पंजाब और राजस्थान से जुड़े हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सोमदत्त उर्फ सोमू और सरबजीत सिंह उर्फ बब्बू पंजाब के फाजिल्का जिले के निवासी हैं। वहीं सतनाम सिंह और राजबिंदर सिंह पंजाब के मानसा जिले के निवासी बताए गए हैं। राजप्रीत सिंह उर्फ टीनू राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले का निवासी है।

मामले में फरार आरोपी सुरजी सिंह निवासी जलालाबाद, पंजाब की तलाश की जा रही है।

मनासा पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय

मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ 48 घंटे में लगातार दो कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में डोडाचूरा बरामद करने में मनासा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Next Post

संत रविदास के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएं : गुर्जर

Thu Aug 20 , 2026
मंदसौर। संत शिरोमणि श्री रविदास जी महाराज की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर गुरुवार को मंदसौर में जिला स्तरीय समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में संतश्री मिथिलेश नागर जी महाराज, संतश्री असीम साहेब महाराज, संतश्री श्याम जी महाराज सहित संतगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित […]

You May Like