
सौसर।मध्यप्रदेश के पांढुरना जिले के सौंसर क्षेत्र के युवा क्रिकेटर हर्ष यादव ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी जगह बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) द्वारा हर्ष को ऑक्शन में खरीदे जाने के बाद पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर विशेष रूप से हर्ष के निवास ग्राम बोरगांव पहुंचे और उनके परिवार को इस गौरवमयी उपलब्धि की बधाई दी।
हर्ष के पिता को गले लगा दी बधाई
सौंसर दौरे पर आए प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने हर्ष के घर पहुंचकर उनके माता-पिता से मुलाकात की। हर्ष की इस बड़ी सफलता से गदगद मंत्री ने हर्ष के पिता को आत्मीयता से गले लगा लिया। उन्होंने कहा कि एक छोटे से गांव के युवा का दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग के लिए चुना जाना यह दर्शाता है कि प्रतिभा किसी संसाधनों की मोहताज नहीं होती।
माता पिता का शॉल-श्रीफल से हुआ सम्मान
प्रभारी मंत्री ने हर्ष के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके माता-पिता का शॉल, श्रीफल और मिठाई खिलाकर सम्मान किया। मंत्री तोमर ने कहा कि हर्ष की यह उपलब्धि जिले के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने हर्ष को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह जल्द ही भारतीय टीम की जर्सी में भी नजर आएंगे।
वरिष्ठ भाजपा नेता रहे उपस्थित
इस गौरवपूर्ण क्षण के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष संदीप मोहोड़, मोरेश्वर मर्सकोले, और युवा नेता राहुल मोहोड़ सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पार्टी नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित थे। उपस्थित सभी ने हर्ष के परिजनों को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया।
