सौसर:बीती रात सौसर के नेशनल हाईवे पर छिंदवाड़ा की ओर पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चिंटू पिता खेमराज बागड़े निवासी के रूप में हुई है। वह बाइक क्रमांक एम.पी. 28 एम.यू. 9792 से रामाकोना की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चिंटू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सौसर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सिविल अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। बहरहाल इस दर्दनाक सड़क हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्थाओं और वाहन चालकों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
