जबलपुर: गोसलपुर थाना अंतर्गत ग्राम धमकी जखोदिया मिनरल्स प्लांट में हॉपर मशीन के बेस फ्लोर पर 6 फीट पानी भरा होने और बिना सुरक्षा इंतजाम के हॉपर ऑपरेटर से काम कराया जिसके चलते उसका पैर स्लिप होने से उसका दाहिना हाथ कन्वेयर पुल्ली में जाने से कट गया था। इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद प्लांट प्रबंधक, शिफ्ट इंचार्ज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक अविनाश तिवारी निवासी बरनू तिराहा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह किराये से अपने परिवार के साथ रहता है। करीब दो साल से जखोदिया मिनरल्स प्लांट ग्राम धमकी में हॉपर आपरेटर का काम कर रहा है। 27 अक्टूबर 25 को दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक उसकी ड्यूटी थी तो वह अपने ड्यूटी समय के अनुसार दोपहर 2 बजे जखोदिया मिनरल्स प्लांट धमकी काम पर गया था तो शिफ्ट इंचार्ज सौरभ उपाध्याय बोले कि बीसी 1 कनवेयर में लगे हुए टेल पुल्ली को चेक करो, तब वह उनसे बोला की बेस फ्लोर में पानी भरा हुआ है कहीं कोई हादसा न हो जाये इसके बावजूद भी शिफ्ट इंचार्ज सौरभ उपाध्याय के द्वारा बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के बेस फ्लोर पर भेजा गया उनके कहने पर हॉपर के बेस फ्लोर पर गया तो वहा नीचे 5-6 फीट पानी भरा हुआ था.
जिससे उसका पैर स्लिप हो गया और वह गिर गया जिससे उसका दाहिना हाथ कन्वेयर पुल्ली में चला गया और दाहिना हाथ कट गया। उसकी आवाज सुनकर प्लांट में काम करने वाले केवट, किशन पुरी गोस्वामी आ गये जिन्होंने हॉपर मशीन को बंद किया और बाद बीसी 1 कनवेयर को बंद करवाया था फिर प्लांट में काम करने वाले लोगों ने जाली काटकर उसे बाहर निकाले थे। इसके बाद उसके भाई अभिषेक तिवारी को सूचना दिये, जब भाई मौके पर आया तब उसके ईलाज के लिये जबलपुर में निजी अस्पताल लेकर गया जहां इलाज हुआ इसके बाद हाथ का आपरेशन निजी अस्पताल में हुआ।
उसका दाहिना हाथ पूरी तरह से कट गया। आगे के ईलाज के लिये जखोदिया मिनरल्स माईंस के मालिक शशांक जखोदिया एवं प्लांट के हेड सौरभ अग्रवाल से बोला जिन्होंने ईलाज कराने एवं मदद करने के लिये मना कर दिया और बोले की आप को जो करना है करो और कम्पनी का हेड सौरभ अग्रवाल ने उसे एवं बड़े भाई अभिषेक तिवारी को धमकी देकर बोले कि यदि तुम रिपोर्ट करोगे तो तुमको एवं तुम्हारे भाई को कम्पनी से निकाल देंगे और जान से खत्म करने की धमकी दिये है। ईलाज कराने के बाद ईलाज के दस्तावेज लेकर वह थाने रिपोर्ट करने पहुंचा। जिसके बाद पुलिस ने देर रात प्रकरण दर्ज कर लिया है।
