ग्यारसपुर: ग्यारसपुर के पूर्व ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर टीएस मीणा का विवादित ऑडियो वायरल होने के बाद भी पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। ऑडियो में मीणा स्वास्थ्य विभाग की बीसीएम रीता सक्सेना को गालियां देते और धमकाते हुए सुने गए थे। इस मामले में 30 से अधिक महिला कर्मचारियों ने थाने में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन जांच आगे नहीं बढ़ सकी।
बीसीएम रीता सक्सेना ने 21 अप्रैल को ग्यारसपुर थाने में आवेदन दिया था और 2 सितंबर को कलेक्टर व एसपी को ज्ञापन सौंपकर एफआईआर दर्ज करने की मांग दोहराई। उनका आरोप है कि थाने में शिकायत दर्ज कराने वाली महिला कर्मचारियों पर ग्यारसपुर टीआई सीमा राय दबाव बना रही हैं और बीएमओ के पक्ष में बयान देने को मजबूर कर रही हैं।
रीता सक्सेना का कहना है कि कई बार कलेक्टर, एसडीएम और आयुक्त तक शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा जांच के नाम पर उन्हें और कर्मचारियों को बार-बार थाने बुलाकर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
