चंद्राश्रय वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम

सतना। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण संचालनालय भोपाल के निर्देशानुसार नीमी स्थित चंद्राश्रय वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक विशेष डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय विभाग के के.के. शुक्ला ने वित्तीय साक्षरता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सुरक्षित भविष्य और कर्ज के जाल से बचने के लिए धन का उचित प्रबंधन अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि पैसा कमाना, बचाना और निवेश करना जीवन में तनाव को कम करता है और व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाता है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को समझाया कि पैसों से जुड़े मामलों में समझदारी बरतें और ऋण लेने या चुकाने की प्रक्रिया को सही ढंग से समझें।

मनोवैज्ञानिक चिकित्सक दीक्षा पटेल ने डिजिटल फाइनेंशियल लिटरेसी सत्र का संचालन किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में मोबाइल बैंकिंग और ऑनलाइन लेन-देन बढ़ रहे हैं, ऐसे में सावधानी बरतना जरूरी है। उन्होंने सलाह दी कि किसी को भी अपना ओटीपी न बताएं और किसी भी अनजान लिंक को खोलने से पहले उसकी जांच कर लें ताकि फ्रॉड से बचा जा सके। डॉ. पटेल ने बजट बनाने की प्रक्रिया समझाते हुए जरूरत और चाहत के बीच का अंतर स्पष्ट किया। उन्होंने सलाह दी कि अपनी आय के अनुसार मासिक बचत करें और एक इमरजेंसी फंड जरूर रखें। उन्होंने बताया कि पैसा केवल बचाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे बढ़ाना भी जरूरी है। इसके लिए उन्होंने एफडी, आरडी, म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार, गोल्ड बॉन्ड और प्रॉपर्टी जैसे निवेश के विभिन्न माध्यमों की जानकारी दी। कार्यक्रम का सफल संचालन ट्रस्ट के पदाधिकारी दीपक शुक्ला द्वारा किया गया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम के समस्त वरिष्ठ नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Post

मोदी ने पूर्वी नागालैंड पर ऐतिहासिक समझौते की सराहना की, कहा मील का पत्थर

Fri Feb 6 , 2026
नयी दिल्ली, 06 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पूर्वी नागालैंड से संबंधित दशकों पुराने मुद्दों को सुलझाने के उद्देश्य से हुए एक ऐतिहासिक समझौते की सराहना की। श्री मोदी ने इसे मील का पत्थर कहा जिससे क्षेत्र में विकास एवं समृद्धि को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ावा मिलेगा। […]

You May Like