
भोपाल। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने बैरागढ़ और आसपास संचालित होटल व किराना दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सामग्री ढंककर रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने दूषित या खराब सामग्री न बेचने की सख्त समझाइश भी दी। निरीक्षण में नैना चाट भंडार से आलू बड़े, बालाजी पूड़ी भंडार से मैदा, नीलम रेस्टोरेंट से सोयाबीन तेल तथा सौरभ प्वाइंट किराना से घी का नमूना लिया गया। इसी तरह चौकसे रेस्टोरेंट से दाल, चावल, सब्जी, आटा और गोविंदपुरा स्थित सेलर्स बेकरी से ब्रेड के सैंपल संग्रहीत किए गए। सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल में जेपी विश्वकर्मा व जेपी लववंशी मौजूद रहे।
