
कटनी। बरही क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नज़र आ रहे हैं। सोमवार रात करीब 10:30 बजे खन्ना बंजारी स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे एक यात्री को दो अज्ञात बदमाशों ने अपना निशाना बना डाला। लुटेरों ने उसका मोबाइल और बैग छीन लिया तथा विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन पर मौजूद कुछ लोगों ने जब विरोध किया तो आरोपी धमकाते हुए मौके से फरार हो गए। घायल यात्री को तत्काल बरही अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
लगातार हो रही लूट की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ा दिया है। आमजन का कहना है कि बरही में बढ़ते नशे और कानून व्यवस्था की कमजोरी से अपराधी बेखौफ होते जा रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर कब तक बरही के लोग इस तरह असुरक्षित माहौल में जीने को मजबूर रहेंगे?
