ग्वालियर, 27 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश की ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने आज एक घूसखोर बाबू को पकड़ा है, जो नामांतरण कराने के ऐवज में 3500 रुपए की घूस ले रहा था।
आरोपी इसके पहले भी 4500 रुपए रिश्वत के तौर पर ले चुका था। लोकायुक्त पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मिश्रा ने बताया कि भिंड के गोहद के बाबू शिवचरण सिंह नरवरिया को 3500 रूपये की घूस लेते पकड़ा है। उन्होंने बताया कि गोहद निवासी पूरन सिंह गुर्जर ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की थी कि उसके परिवार की डेढ़ बीघा जमीन का फौती नामांतरण कराने के एवज में बाबू शिवचरण ने 8000 रु रिश्वत की मांग की। इसमे से वह 4,500 रूपये पूर्व में दे चुका था।
पुलिस अधीक्षक द्वारा शिकायत का सत्यापन करवाकर टीम गठित की गई। आज जैसे ही बाबू शिवचरण सिंह को आवेदक पूरन सिंह ने बची रकम दी तो लोकायुक्त पुलिस ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी की जेब से रिश्वत राशि बरामद कर ली गयी। पुलिस आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है।

