गैंगस्टर सलमान लाला के समर्थन में बनीं रील्स पर पुलिस की नजर

इंदौर. शहर के कुख्यात गैंगस्टर सलमान लाला की मौत के बाद उसके समर्थन में सोशल मीडिया पर चल रही गतिविधियां पुलिस की चिंता बढ़ा रही हैं. क्राइम ब्रांच ने ऐसे 35 अकाउंट्स को चिह्नित किया है, जिनसे शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही थी. इन अकाउंट्स पर न सिर्फ सलमान की मौत को हत्या करार दिया जा रहा है, बल्कि शहर बंद कराने की अपील तक कर दी. मामले में पुलिस सख्ती के साथ काम कर रही है.

क्राइम ब्रांच की साइबर टीम ने जिन अकाउंट्स को लिस्टेड किया है, उनमें कुछ युवतियों के नाम भी सामने आए हैं. ये अकाउंट्स सलमान की मौत के बाद अचानक सक्रिय हो गए और रील्स के जरिए लोगों को भड़काने का प्रयास किया. पुलिस को आशंका है कि इसी बहाने पुराने गैंगस्टर नेटवर्क को फिर से खड़ा करने की कोशिश हो सकती है. ज्ञात हो कि सलमान लाला का अपराध जगत से जुड़ा लंबा इतिहास रहा है, डेढ़ साल पहले उसने एमआईजी इलाके में एक युवक को नग्न कर बेरहमी से पीटा था और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था. वह अक्सर मारपीट के वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर डालता, ताकि लोगों में उसकी दहशत बनी रहे. पुलिस सूत्रों का कहना है कि सलमान युवाओं को नशे की दुनिया में धकेल रहा था. उसके साथी अर्जुन उर्फ डार्लिंग और भाई शादाब उर्फ सिद्धू बड़े स्तर पर ड्रग्स रैकेट चला रहे थे. इतना ही नहीं, कुछ समय पहले खजराना इलाके में सलमान ने क्राइम ब्रांच के एसआई पर पिस्टल तक तान दी थी. मामले में डीसीपी राजेश त्रिपाठी का कहना है कि सलमान की मौत के बाद कुछ लोग इस घटना को भुनाने की तैयारी कर रहे थे. जनाजे में न पहुंचकर उन्होंने सोशल मीडिया पर माहौल गरमाने का प्रयास कर दिया था. खुफिया टीम को इसकी भनक लगते ही प्लान को नाकाम कर दिया. आरोपियों से जुड़े लोगों पर पुलिस पल पल नजर रखे हुए है. पुलिस सतर्क है और किसी भी साजिश को मूर्त रूप लेने से रोकने के लिए सोशल मीडिया गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है.

Next Post

पानी निकासी न होने से तेज बारिश में सड़क जलमग्न

Wed Sep 3 , 2025
गैरतगंज। नगर में भोपाल सागर मार्ग पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य को नगर विकास और यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के उद्देश्य से शासन ने स्वीकृत किया था. ठेकेदार ने नगर के दोनों छोर का काम पूरा कर दिया, लेकिन बीच का हिस्सा बीना नदी से लेकर तहसील कार्यालय तक […]

You May Like

मनोरंजन