इंदौर: द्वारकापुरी इलाके में सोमवार देर रात अचानक लगी आग ने अफरा-तफरी मचा दी. अंकल गली, 60 फीट रोड स्थित एसआर स्टूडियो और पर्सनालिस्ट गिफ्ट सेंटर देखते ही देखते लपटों की चपेट में आ गए. तेज आग से कैमरे, स्टूडियो सेटअप और गिफ्ट सामग्री जलकर राख हो गई. प्रारंभिक अनुमान है कि लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.
घटना के बाद भी काफी देर तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची. इस बीच रहवासी और पुलिसकर्मी जुटकर आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे. दुकान का शटर तोड़कर अंदर का सामान बाहर निकाला गया, वहीं बोरिंग से पानी डालकर लपटों को काबू में किया. द्वारकापुरी थाना प्रभारी सुशील पटेल टीम सहित मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग को फैलने से रोक दिया.
आग लगते ही क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद हो गई, जिससे देर रात तक अंधेरा छाया रहा. करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग काफी हद तक बुझाई जा चुकी थी. आगजनी के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि शॉर्ट सर्किट की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता.
