
सागर। जिले की तीन शासकीय उचित मूल्य दुकानों में गड़बड़ी उजागर होने पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। तहसील सागर व नरयावली अंतर्गत कांचरी, मेहर और खजुरिया गुरु की दुकानों का प्राधिकार पत्र निरस्त कर दिया गया है। साथ ही 25 लाख रुपये से अधिक की वसूली की कार्यवाही भी प्रारंभ की गई है।
नरयावली की कांचरी दुकान (कोड 1003080) के विक्रेता अरविंद सोनी से ₹6,38,630 की वसूली, सागर तहसील की मेहर दुकान (कोड 1001100) की विक्रेता शैलनंदनी सेन पति मनोज सेन से ₹11,50,111 तथा खजुरिया गुरु दुकान (कोड 1001103) के विक्रेता अरविंद कुमार सोनी से ₹6,82,000 की वसूली की जा रही है।
सहायक आपूर्ति अधिकारी की जांच रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद इन दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। लेकिन विक्रेताओं के जवाब संतोषजनक न होने पर कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम ने प्राधिकार पत्र निरस्त कर दिया। यह कार्रवाई आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और मप्र सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2015 के तहत की गई।
