भोपाल: प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में रविवार को पूर्व बीडीए उपाध्यक्ष स्वर्गीय सलीम खान की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके समाजसेवा और जनहित के प्रति समर्पित जीवन को याद किया।स्व. सलीम खान अपनी सादगी, ईमानदारी और जनकल्याण के प्रति निरंतर सक्रियता के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समाज में आदर्श माने जाते थे। नेताओं ने उनके संघर्षशील व्यक्तित्व को कांग्रेस की विचारधारा का जीवंत उदाहरण बताते हुए कहा कि उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री पी सी शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, प्रदेश प्रवक्ता शेहेरयार खान, स्व. खान के छोटे भाई मोहम्मद जहीर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
