रीवा:वर्षाकाल शुरू होते ही निराश्रित गौवंश एवं अन्य पशु सूखे स्थान की तलाश में सडक़ों में आश्रय लेते हैं. सडक़ों में गौवंश बड़ी दुर्घटना का कारण बनते हैं. इसमें वाहन सवारों को नुकसान पहुंचने के साथ गौवंश को भी क्षति होती है.सडक़ों से गौवंश को हटाकर वाहन दुर्घटनाओं को रोकने और गौवंश को सुरक्षित करने का उद्देश्य पूरा होगा. इसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले की सभी प्रमुख सडक़ों से निराश्रित गौवंश को हटाने के लिए अभियान चलाने के आदेश दिए हैं.
कलेक्टर ने कहा है कि जिले के नेशनल हाईवे के चोरहटा से मनगवां तक की सडक़, मनगवां से चाकघाट तक की सडक़ तथा रीवा से सेमरिया, रीवा से गोविंदगढ़, रीवा से सिरमौर एवं रीवा से बदवार तक की सडक़ से निराश्रित पशुओं को हटाने का अभियान चलाएं. नेशनल हाईवे लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना तथा मध्यप्रदेश सडक़ विकास निगम मिलकर पशुओं को सडक़ों से हटाने का अभियान चलाएं.
इस कार्य में पशुपालन विभाग, नगर निगम, नगर पंचायत तथा ग्राम पंचायतें सहयोग करेंगी. निराश्रित गौवंश को सडक़ों से हटाकर आसपास की गौशाला में सुरक्षित कराएं जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गौशालाओं में गौवंश को रखने के लिए समुचित व्यवस्था करें. यदि गौशालाओं में स्थान रिक्त नहीं है तो गौशाला के आसपास खाली भूमि पर अस्थाई बाड़ा बनाकर गौवंश को रखें. इनके भूसा, चारा, पानी और उपचार की पूरी व्यवस्था करें.
