विदिशा। बरखेड़ा जागीर की ममता बाई पति छगन सिंह बंजारा उम्र 27 वर्ष को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजन पहले बरखेड़ा जागीर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल बंद मिला। इसके बाद ससुर घीसा लाल और शैतान उन्हें मोटरसाइकिल से शमशाबाद के गिरधर मार्केट ले जा रहे थे। रास्ते में अचानक तेज दर्द होने पर महिला ने सड़क पर ही बच्ची को जन्म दिया। मौके पर मौजूद नागरिकों ने तुरंत मदद की और मां-बेटी को लोडिंग वाहन के जरिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने दोनों को स्वस्थ बताया है। अस्पताल बंद रहने की वजह से महिला को सड़क पर प्रसव पीड़ा झेलनी पड़ी, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से मां और नवजात सुरक्षित बच गए।
