विशाखापट्टनम, 30 अगस्त (वार्ता) गगन गौड़ा (14 अंक, 2 सुपर रेड), गुमान सिंह (7 अंक) और सुमित सांगवान (8 अंक, हाई-5) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत यूपी योद्धाज ने प्रो कबड्डी लीग सीजन-12 के अपने पहले मैच में मेजबान तेलुगू टाइटंस को 40-35 से हरा दिया। टाइटंस की यह लगातार दूसरी हार है।
आज यहां विश्वनाध स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टाइटंस ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी करते हुए एक समय फासला 3 का कर दिया था लेकिन अंतिम मिनट में गगन के सुपर रेड ने मैच का पासा पलट दिया। टाइटंस के लिए कप्तान विजय मलिक ने शानदार 14 अंक जुटाए। इनके अलावा कोई और खिलाड़ी प्रभावित नहीं कर सका।
अपना पहला मैच हार चुकी टाइटंस और सीजन का पहला मैच खेल रही यूपी ने सावधान शुरुआत की। यही कारण था कि 3 मिनट बाद स्कोर 2-2 था। टाइटंस हालांकि बेहतर कर रहे थे और यही कारण था कि छह मिनट की समाप्ति तक मेजबानों ने 5-3 की लीड ले ली। यहां से यूपी ने वापसी की राह पकड़ी। कप्तान सुमित ने भरत को बाहर कर फासला 1 का कर दिया और फिर गुमान ने अपनी नई टीम के लिए पहला अंक लेते हुए स्कोर 5-5 कर दिया। 10वें मिनट में सुमित ने तीसरे टैकल के साथ यूपी को लीड दिलाई और फिर गुमान ने सागर और अमन को बाहर कर लीड 2 की कर दी। अब टाइटंस के लिए सुपर टैकल आन था। वह इसका लाभ नहीं ले सके और आलआउट होकर 8-12 से पीछे हो गए। आलइन के बाद गगन ने भरत को बाहर कर टाइटंस को झंकझोर दिया। गगन यही नहीं रुके और एक बेहतरीन सुपर रेड के साथ यूपी को 17-10 से आगे कर दिया।
इस सुपर रेड के साथ बाद यूपी ने लगातार दबाव बनाए रखा और 20-12 के स्कोर पर टाइटंस को एक बार फिर सुपर टैकल सियुएशन में ला दिया। बहरहाल, हाफटाइम तक यूपी 21-13 से आगे थे। ब्रेक के बाद सुमित ने बोनस लेने के बाद शुभम को लपकते हुए न सिर्फ हाई-5 पूरा किया बल्कि टाइटंस को दूसरी बार आलआउट कर लीड 25-14 कर दी। आलइन के बाद भी यूपी ने दो अंक लेकर लीड मजबूत की लेकिन विजय ने दो बार दो अंक की रेड के साथ यूपी को थोड़ा परेशान किया। फासला 10 का रह गया था।
इस बीच गगन ने बोनस के साथ सुपर-10 पूरा किया। अगली रेड पर हालांकि वह चेन टैकल कर लिए गए। इसके बाद टाइटंस ने लगातार दो अंक लेकर वापसी की राह पकड़ी। स्कोर 21-30 था। सुमित ने हालांकि सुपर टैकल सिचुएशन में विजय को लपक इसकी भरपाई कर दी। गिल मैट पर लाए गए लेकिन अंकित ने उन्हें लपक यूपी को आलआउट की ओर धकेला और इसे अंजाम देकर स्कोर 27-32 कर दिया। बीचे पांच मिनट में टाइटंस ने 2 के मुकाबले 9 अंक लिए। फिर विजय ने दो अंक की रेड के साथ यूपी के घाव को गहरा कर दिया। उनका सुपर-10 भी पूरा हुआ।
गुमान ने अहम मुकाम पर यूपी को डू ओर डाई रेड पर अंक दिलाया और फिर कप्तान सुमित ने विजय को लपक फासला 5 का कर दिया। चेतन ने हालांकि मल्टी प्वाइंट रेड के साथ मौसम फिर बदल दिया। सवा मिनट बचे थे और फासला अब भी 3 का था लेकिन चेतन को लपक आशू ने फासला 4 का कर दिया। औऱ फिर अंतिम मिनट में गगन ने सुपर रेड के साथ यूपी की जीत पक्की कर दी।
