चमोली 30 अगस्त (वार्ता) बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा मानसून के थमते ही सितंबर माह से चारधाम यात्रा सुचारू रूप से चलेगी तथा बदरीनाथ एवं केदारनाथ आनेवाले श्रद्धालुओं की संख्या में आशातीत वृद्धि होगी ।
श्री द्विवेदी ने बताया कि कपाट खुलने से 29 अगस्त तक बदरीनाथ धाम में 1285296तथा केदारनाथ धाम में 1472385 तीर्थयात्रियों ने दर्शन कर लिए है। इस तरह दोनों धामों में 2757681 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किये है।
श्री द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चार-धाम यात्रा के प्रचार प्रसार हेतु कपाट खुलने के दौरान स्वयं धामों में मौजूद रहे। वर्तमान में बरसात के मौसम में हुई अतिवृष्टि आपदा से प्रदेश को जन धन की क्षति हुई है उसका असर चारधाम यात्रा पर भी हुआ है,यात्रा मार्ग कई बार भूस्खलन से अवरूद्ध हो रहे है लेकिन प्रशासन की मुस्तैदी से यात्रा मार्ग सुचारू हो रहे है। अध्यक्ष ने बताया एसडीआरएफ एनडीआरएफ सहित पुलिस प्रशासन तीर्थयात्रियों की सहायता के लिए तत्पर है। बदरीनाथ केदारनाथ यात्रा अवरोधों के बावजूद चलती रही है। उन्होंने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि मौसम की स्थिति एवं पूर्वानुमान का आंकलन कर बरसात के दौरान यात्रा करें।
