फ्री में बंटने की अफवाह, लोगों ने लूटी साईकल

सीहोर।जिला मुख्यालय के समीपस्थ अल्हादाखेड़ी के स्टेडियम में एक एनजीओ द्वारा शनिवार की सुबह सस्ती साईकल बेचे जाने की खबर शहर में फैलते ही वहां पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. इस दौरान अफरातफरी का यह आलम रहा कि कई लोग साईकल उठाकर ही चलते बने. बाद में मौके पर पहुंची पुलिस साईकल की ब्रिकी रुकवाते हुए संबंधितों को थाने लेकर आई जहां उनसे आवेदन लेकर साईकल ले जाने वालों की तलाश की जा रही है.

शनिवार की सुबह अल्हादाखेड़ी के स्टेडियम में बड़ी संख्या में साईकलों का ढेर लगा हुआ था. उक्त साईकल लेकर आए लोगों द्वारा महज ढाई हजार रुपए में साईकल बेचे जाने की खबर शहर में आग की तरह फैल गई. कुछ ही देर में वहां साईकल खरीदने वालों की भारी भीड़ जमा हो गई. बताया जाता है कि उत्तरप्रदेश की किसी एनजीओ के सदस्यों द्वारा उक्त साईकल बेची जा रही थीं. इसके लिए उनके द्वारा 100 रुपए लेकर रजिस्ट्रेशन किया जा रहा था और उन्हें ढाई हजार रुपए में साईकल बेची जा रही थी. इस दौरान उनके द्वारा संबंधित खरीददार का आधार नंबर लेकर एक फार्म भी भरवाया जा रहा था.

बताया जाता है कि कुछ ही देर में वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा- तफरी का माहौल निर्मित हो गया. इस बीच कई लोग बिना रुपए दिए साईकल लेकर चलते बने. तब तक कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी और साईकल बेचने वालों को पूछताछ करने थाने लेकर आई. इसके बाद भी बड़ी संख्या में लोग सस्ते दामों पर बिकने वाली साईकल के लिए स्टेडियम में ही मौजूद थे.

आवेदन लेकर कर रहे हैं जांच

उक्त लोग उत्तरप्रदेश की एक एनजीओ का फार्म भरने के बाद लोगों को साईकल बेच रहे थे. पूछताछ में उन्होंंने बताया कि इस दौरान अफवाह फैल गई कि साईकल मुफ्त में वितरित की जा रही हैं. जिसके चलते कई लोग बिना रुपए दिए साईकल लेकर चलते बने. साईकल विक्रेताओं से आवेदन लिया गया है और साईकल ले जाने वालों की तलाश करने वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

रविन्द्र यादव,

थाना प्रभारी, कोतवाली

Next Post

छह साल पहले चाकूबाजी करने वाले दो आरोपियों को दो-दो साल की सजा

Sat Aug 30 , 2025
खंडवा । 6 साल पहले नवदुर्गा उत्सव में गरबा डांस के दौरान युवकों के विवाद ने चाकू बाजी और पत्थर बाजी से गंभीर रूप ले लिया था। इस मामले में अब अदालत से निर्णय आया है। चाकू से मारपीट करने वाले आरोपीगण को 02 वर्ष का सश्रम कारावास एवं अर्थदण्ड […]

You May Like