
ब्यावरा। पगारी बंगला फीडर के तहत शुक्रवार शाम को बारिश, आकाशीय बिजली की गर्जना के बीच एकाएक 33 केवी विद्युत लाइन में फाल्ट होने से क्षेत्र के लगभग 50 गांवों में अंधेरा छा गया.
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे बिजली गुल हो गई. इस दौरान बारिश, आकाशीय बिजली की गर्जना हो रही थी. इसी के चलते फाल्ट हो गया. बिजली जाते ही मलावर -जामी पगारी बंगला सब स्टेशन के तहत आने वाले पगारा, पगारी, आमल्याहाट, अरनिया, मुवालिया, बापचा, देवखेड़ी, जामुनिया, जामी, भीलखेड़ी, खजूरखेड़ी, जमालपुरा, गुंजारी, चकलिया, मलावरी, बूड़ाखेड़ा, बोरदा, भगवतीपुर, अमरपुरा, गिन्दौर मीना, तलावड़ा महाराजा सहित करीब 50 गांव में अंधेरा छा गया.
मच्छरों का प्रकोप बढ़ा
रात भर बिजली नहीं रहने से मच्छरों का भारी प्रकोप रहा. काफी परेशानी का सामना नागरिकों को करना पड़ा. काफी इंतजार के बाद भी सारी रात बिजली नहीं आयी.
फाल्ट तलाशने जुटा अमला
33 केवी विद्युत लाइन में फाल्ट के कारण अनेक गांवों में अंधेरा छाने पर विद्युत वितरण कंपनी का अमला फाल्ट को तलाशने निकल पड़ा. रात्रि में जगह-जगह, खेतों से गुजर रही लाइन में फाल्ट को तलाशा गया. आखिरकार शनिवार की सुबह करीब 8 बजे पगारा के यहां लाइन में इंसुलेटर ब्लॉस्ट मिला. जिसे दुरस्त करने के बाद बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई. विभाग के एई, जेई, लाइनमैन सहित अमला फाल्ट को तलाशने में लगा रहा.
आकाशीय बिजली की गर्जना के चलते पगारी बंगला फीडर के तहत 33 केवी लाइन में इंसुलेटर में खराबी आ जाने से फाल्ट हुआ था. टीम द्वारा रात में ही फाल्ट को काफी तलाशा गया. शनिवार की सुबह फाल्ट मिला जिसे ठीक करने के बाद सप्लाई बहाल कर दी गई.
अमितेश आर्थ
एई, ग्रामीण क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ब्यावरा
