रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका ने जिम्बाब्वे को सात रनों से हराया

हरारे 29 अगस्त (वार्ता) पथुम निसंका (76), जनित लियानगे (नाबाद 70) और कामिंडु मेंडिस (57) की अर्धशतकीय पारियों के बाद दिलशान मदुशंका (चार विकेट) की घातक गेंदबाजी की बदौलत श्रीलंका ने शुक्रवार को पहले एकदिवसीय मैच में जिम्बाब्वे को सात रनों से हरा दिया। इसी के साथ श्रीलंका ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। दिलशान मदुशंका को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ मैच’ से नवाजा गया।

299 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने शून्य पर अपने दो विकेट गंवा दिये। ब्रायन बेनेट और और ब्रेंडन टेलर को असिता फर्नांडो ने बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया। ऐसे संकट के समय बेन करन और कप्तान शॉन विलियम्स ने तीसरे विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी कर जिम्बाब्वे के मैच जीतने की उम्मीद को जिंदा कर दिया। 23वें ओवर में कामिंडु मेंडिस ने शॉन विलियम्स को आउटकर जिम्बाब्वे को तीसरा झटका दिया। शॉन विलियम्स ने 54 गेंदों में सात चौके और दो छक्के लगाते हुए 57 रनों की पारी खेली। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये सिकंदर रजा ने पारी को संभालने का प्रयास किया। 26वें ओवर में असिता फर्नांडो ने बेन करन को अपना शिकार बनाकर एक बार फिर से जिम्बाब्वे को संकट में डाल दिया। बेन करन ने 90 गेंदों आठ चौकों की मदद से 70 रन बनाये। वेस्ली मधेवेरे आठ रन बनाकर आउट हुई।टोनी मुनयोंगा ने सिकंदर रजा के साथ टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया था। ऐसे समय में मैच के आखिरी ओवर में जब जिम्बाब्वे को आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन बनाने थे मदुशंका ने लगातार तीन विकेट झटककर मैच श्रीलंका की झोली में डाल दिया। उन्होंने पहली गेंद पर सिकंदर रजा को बोल्ड किया। सिकंदर रजा ने 87 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 92 रनों की पारी खेली। अगली गेंद पर ब्रैड एवंस (शून्य) तथा तीसरी गेंद पर रिचर्ड एन्गरावा (शून्य) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट पर 291 रन ही बना सकी और मुकाबला सात रनों से हार गई। टोनी मुनयोंगा 43 रन बनाकर नाबाद रहे।

श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका को चार विकेट मिले। असिता फर्नाडो ने तीन विकेट लिये। कामिंडु मेंडिस ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और उसने पांचवें ही ओवर में सलामी बल्लेबाज निशान मदुश्का (शून्य) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कुसल मेंडिस ने पथुम निसंका के साथ पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी की। 27वें ओवर में शॉन विलियम्स ने कुसल मेंडिस को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद मुजारबानी ने पथुम निसंका 92 गेंदों में 76 रन को अपना शिकार बना लिया। चरित असलंका (छह) और सदीरा समराविक्रमा 35 रन बनाकर आउट हुये।

इसके बाद जनित लियानगे और कामिंडु मेंडिस ने छठे विकेट के लिए 137 रनों की साझेदारी की। 50वें ओवर की आखिरी गेंद पर रिचर्ड एन्गरावा ने कामिंडु मेंडिस 36 गेंदों में (57) को बोल्ड कर श्रीलंका का छठा विकेट गिराया। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के भी लगाये। श्रीलंका ने निर्धारित 50 ओवरों स्कोर छह विकेट पर 198 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जनित लियानगे 47 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के लगाते हुए (नाबाद 70) रन बनाये।

जिम्बाब्वे की ओर से रिचर्ड एन्गरावा को दो विकेट मिले। ब्लेसिंग मुजारबानी, ट्रेवर ग्वांडू, सिकंदर रजा, शॉन विलियम्स ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

कलेक्टर-पुलिस कप्तान ने खेला टेबल टेनिस

Fri Aug 29 , 2025
सीहोर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर चर्च ग्राउंड में अनेक खेल गतिविधियां एवं कार्यक्रम आयोजित किए गए. कार्यक्रम में कलेक्टर बालागुरू के तथा एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने खिलाडिय़ों के साथ टेबल टेनिस खेलकर उन्हें प्रोत्साहित किया. कलेक्टर बालागुरू के व एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने खेल गतिविधियों में […]

You May Like