टोक्यो, 29 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुक्रवार को यहां ताकासाकी-गुन्मा स्थित शोरिनजन दारुमा-जी मंदिर के मुख्य पुजारी सेशी हिरोसे ने एक दारुमा गुड़िया भेंट की। प्रधानमंत्री मोदी के प्रति यह विशेष भाव भारत और जापान के बीच घनिष्ठ सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों की पुष्टि करता है।
जापानी संस्कृति में दारुमा गुड़िया को शुभ और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। गुन्मा में ताकासाकी शहर प्रसिद्ध दारुमा गुड़ियों का जन्मस्थान है। जापान में दारुमा परंपरा बोधिधर्म की विरासत पर आधारित है, जो कांचीपुरम के एक भारतीय भिक्षु थे। जापान में उन्हें दारुमा दाइशी के नाम से जाना जाता है और कहा जाता है कि वे यहां एक हज़ार वर्ष से भी पहले आए थे।
श्री मोदी जापान की दो दिनों की यात्रा पर हैं। उन्होंने शुक्रवार को टोक्यो में आयोजित 15वें भारत-जापान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। सम्मेलन में श्री मोदी और जापानी प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा की मौजूदगी में कई समझौतों पर हस्ताक्षर किये गये।
