
ग्वालियर। शहर से जुड़े खुरैरी से भिण्ड जिले की सीमा तक निर्माणाधीन सड़क निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप पूरी चौड़ाई में बनाई जाए। सड़क की चौड़ाई कम नहीं होना चाहिए। साथ ही सड़क की गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखें। इस आशय के निर्देश कलेक्टर रुचिका चौहान ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने इस सड़क का औचक निरीक्षण किया।
ग्वालियर शहर से जुड़े खुरैरी से बिजौली गुंधारा जिगिनिया होते हुए भिण्ड जिले की सीमा में स्थित ग्राम गुहीसर तक लगभग 31 किलोमीटर लम्बी सड़क बनाई जा रही है। इस सड़क के निर्माण के लिये सरकार द्वारा 85 करोड़ रुपए से अधिक धनराशि मंजूर की गई है। सड़क की चौड़ाई में बाधा बन रहे अतिक्रमण हटेंगे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तेजी के साथ सड़क का काम पूर्ण करने की हिदायत दी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खुरैरी बिजौली गुंधारा जिगनिया मार्ग के शुरूआती प्वॉइंट से लेकर निर्माणाधीन फोर लेन मार्ग पर जो अतिक्रमण सामने आ रहे हैं, उन्हें सूचीबद्ध कर नगर निगम एवं संबंधित ग्राम पंचायतों के माध्यम से नोटिस देकर एक हफ्ते के भीतर अतिक्रमण हटवाना सुनिश्चित करें। साथ ही कहा कि मार्ग में पड़ने वाले गाँवों के घरों से निकल रहे पानी को नाली के माध्यम से उचित जगह पर निकासी कराएं। निरीक्षण के दौरान नरेश गुप्ता व अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग ओएन शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिका मौजूद थे।
