
छतरपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 30 अगस्त को छतरपुर आगमन एवं मेला ग्राउंड में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष डायवर्ज़न प्लान जारी किया है।
यातायात व्यवस्था के अनुसार, पन्ना रोड की ओर जाने वाली सभी बसें अब महोबा बाईपास होकर चलेंगी। छत्रसाल चौक होकर बस संचालन पूर्णतः वर्जित रहेगा। इसी तरह पन्ना से छतरपुर आने वाली बसें नगर के अंदर प्रवेश नहीं करेंगी और सीधे महोबा बाईपास अंडरब्रिज होकर बस स्टैंड जाएंगी।
कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले सागर रोड की ओर से आने वाले लोगों की बसें विराज गार्डन के पास पार्क होंगी, जहां से पैदल बिजावर नाका, मोटे के महावीर मार्ग होते हुए लोग मेला ग्राउंड पहुंचेंगे। पन्ना रोड से आने वाली बसें उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 में पार्क होंगी। वहीं, चारपहिया और दोपहिया वाहन मेला ग्राउंड के पास निर्धारित पार्किंग में खड़े होंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान के दौरान रुद्राक्ष होटल से आकाशवाणी तक तथा पन्ना नाका से सरस्वती शिशु मंदिर तक का मार्ग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अतिरिक्त, वाहनों को नर्मदा हॉस्पिटल मार्ग और किशोर तालाब की ओर वैकल्पिक रूट से डायवर्ट किया जाएगा।
