ईडी ने कोलकाता में दो फॉरेक्स कंपनियों की संपत्तियां की जब्त

कोेलकाता, 28 अगस्त (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को कथित धन शोधन मामले में विदेशी मुद्रा विनिमय के क्षेत्र में कारोबार करने वाली टीपी ग्लोबल एफएक्स और आईएक्स ग्लोबल कंपनियों की 18.78 करोड़ रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्तियां जब्त की हैं।

ईडी ने बताया कि उसके कोलकाता क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान दोनों कंपनियों के फ्लैट/अपार्टमेंट, सावधि जमा और म्यूचुअल फंड आदि जब्त कर लिए गये हैं। छापेमारी के बाद, कोलकाता पुलिस, महाराष्ट्र पुलिस और गुजरात पुलिस ने टीएम ट्रेडर्स, केके ट्रेडर्स, टीपी ग्लोबल एफएक्स, आईएक्स ग्लोबल, आईएक्स अकादमी प्राइवेट लिमिटेड और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी भी दर्ज की।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अनुसार टीपी ग्लोबल एफएक्स की वेबसाइट न तो आरबीआई के साथ पंजीकृत है और न ही उसके पास विदेशी मुद्रा व्यापार के लिए आरबीआई से कोई लाइसेंस है। केंद्रीय बैंक ने 9 सितंबर 2022 की एक अलर्ट सूची भी जारी की थी, जिसमें आम जनता को अनधिकृत विदेशी मुद्रा व्यापार प्लेटफार्मों के प्रति आगाह किया गया था।

ईडी की जांच से पता चला है कि प्रसेनजीत दास और तुषार पटेल जैसे व्यक्तियों ने कई फर्जी कंपनियों का इस्तेमाल करके निवेशकों को टीपी ग्लोबल एफएक्स के माध्यम से विदेशी मुद्रा व्यापार में निवेश करने और उस पर उच्च लाभ दिलाने का झूठा वादा कर टीपी ग्लोबल एफएक्स में आईएक्स ग्लोबल के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेश कराया जाता था। इस धोखाधड़ी में आईएक्स ग्लोबल के निदेशक और प्रवर्तक सुहास पाटिल और जोसेफ मार्टिनेज आदि भी शामिल थे।

ईडी ने इस धोखाधड़ी पर कार्रवाई करते हुए शैलेश कुमार पांडे, प्रसेनजीत दास और विराज सुहास पाटिल को गिरफ्तार किया था और संपत्तियां भी जब्त की थीं। गुरुवार को जब्त की गयी संपत्ति को मिलाकर अब तक नकदी, सोना, रियल एस्टेट, आतिथ्य प्रतिष्ठान, कार्यालय, कृषि भूमि, वाहन, क्रिप्टो करेंसी और बैंक बैलेंस के रूप में कुल 291 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। इससे पहले ईडी कोलकाता की एक विशेष अदालत (पीएमएलए) में आरोपियों के खिलाफ तीन आरोपपत्र भी दायर कर चुकी है।

Next Post

आरजी कर मामले में नयी याचिका पर सुनवाई करने से हाईकोर्ट का इनकार

Thu Aug 28 , 2025
कोलकाता, 28 अगस्त (वार्ता) कलकत्ता उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने गुरुवार को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक युवा डॉक्टर के साथ बलात्कार एवं हत्या मामले में आगे की जांच की मांग करने वाली एक नयी याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया। न्यायमूर्ति तीर्थंकर घोष […]

You May Like