
भोपाल: जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) की ओर से गुरुवार को रोशनपुरा चौराहा स्थित जवाहर भवन में आभार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इंजीनियर प्रवीण सक्सेना को भोपाल (शहर) जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित होने पर कार्यकर्ताओं द्वारा सम्मान और आभार व्यक्त करने के लिए आयोजित किया गया।
इस अवसर पर समिति की ओर से “वोटर अधिकार सत्याग्रह सभा” एवं “वोट चोर, गद्दी छोड़” पैदल मार्च भी निकाला गया। इस मार्च में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ ही आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इससे कांग्रेस की संगठनात्मक सक्रियता और जनसंपर्क अभियान को नई ऊर्जा मिली।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, सह प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अपने संबोधन में नेताओं ने कार्यकर्ताओं की एकजुटता की सराहना करते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों और पारदर्शी शासन की लड़ाई में मजबूती से खड़े रहने का आह्वान किया।
समारोह के समापन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे और पार्टी का संदेश भोपाल के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले तक पहुंचाएंगे।
