नयी दिल्ली, 27 अगस्त (वार्ता) भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग(सीसीआई) ने जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड के अधिग्रहण की अडानी समूह की योजना को मंजूरी प्रदान कर दी है।
योजना के तहत अडानी इंटरप्राइजेज लिमिटेड और अडानी इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड या समूह की अन्य कंपनियों द्वारा जयप्रकाश एसोसिएट्स की शत-प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया जायेगा।
इंजीनियरिंग एवं निर्माण, सीमेंट, ऊर्जा, रियल एस्टेट, उर्वरक, आतिथ्य, खेल आदि के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी जयप्रकाश एसोसिएट्स के खिलाफ राष्ट्रीय कंपनी अधिनयम प्राधिकरण की इलाहाबाद पीठ के निर्देश पर कॉर्पोरेट अक्षमता समाधान प्रक्रिया चल रही है। उसी के तहत अडानी समूह उसका अधिग्रहण कर रहा है। इस अधिग्रहण के साथ अडानी समूह का सीमेंट का कोराबार और बड़ा हो जायेगा।
इसके अलावा आयोग ने सिंगापुर की निवेश होल्डिंग कंपनी पीएसए भारत इनवेस्टमेंट्स में 40 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने की पीएसए इंडिया की योजना को भी मंजूरी प्रदान की है। इसके बाद पीएसए भारत इनवेस्टमेंट में उसकी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी हो जायेगी।
आयोग ने लगेज, हैंडबैग और ट्रेवल एक्सेसरीज बनाने वाली वीआईपी इंडस्ट्रीज में कई निवेश फंडों, समविभाग सिक्योरिटीज, श्री मिथुन पदम सचेती और श्री सिद्धार्थ सचेती की हिस्सेदारी खरीद योजना को भी मंजूरी दी है।

