नयी दिल्ली, 28 जुलाई (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चार उच्च न्यायालयों के लिए 19 न्यायाधीश और अतिरिक्त न्यायाधीशों की नियुक्ति की है।
केंद्रीय विधि एवं न्याय की ओर से सोमवार को जारी अलग-अलग अधिसूचनाओं के अनुसार मध्य प्रदेश, तेलंगाना और गुवहाटी के लिए उनकी नियुक्ति की गई है।
अधिसूचना के अनुसार, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश पद पर अधिवक्ता पुष्पेंद्र यादव, आनंद सिंह बहरावत, अजय कुमार निरंकारी, जय कुमार पिल्लई और हिमांशु जोशी की नियुक्ति की गई , जबकि न्यायिक अधिकारी रामकुमार चौबे और राजेश कुमार गुप्ता को पदोन्नत कर न्यायाधीश बनाया गया है।
इसी प्रकार न्यायिक अधिकारी आलोक अवस्थी, रत्नेश चंद्र सिंह बिसेन, भगवती प्रसाद शर्मा और प्रदीप मित्तल को पदोन्नत कर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
तेलंगाना उच्च न्यायालय के लिए अधिवक्ताओं- गौस मीरा मोहिउद्दीन, चलपति राव सुदाला उर्फ एस चलपति राव, वाकीति रामकृष्ण रेड्डी और गादी प्रवीण कुमार को अतिरिक्त न्यायाधीश बनाया गया है।
अधिसूचना के अनुसार, अधिवक्ता अंजन मोनी कलिता, राजेश मजूमदार, न्यायिक अधिकारी प्रांजल दास और संजीव कुमार शर्मा को गुवाहाटी उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के पद पर नियुक्त किया गया है।
