जबलपुर: सीवर लाइन डालने के लिए सड़क को खोद तो दिया गया लेकिन ठेकेदार द्वारा खोदी गई सड़क के गड़्ढे को नहीं भरा गया जिस कारण गंगानगर स्थित सदानंद कॉलोनी के रहवासी इन दिनों खुद ही गड््ढे को भरते हुए नजर आ रहे हैं। आप तस्वीर में देख सकते हैं एक महिला खुद गड़ढे को भर रही है। स्थानीय लोगों ने नवभारत को बताया कि खुदी सड़क के कारण लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया है। जबकि सीवर लाइन का काम पूरा हो चुका है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि उनकी खोदी गई सड़क का निर्माण कार्य कराया जाए और गड्ढे को सही ढंग से भरा जाए। महिलाओं द्वारा सीवर लाइन के गड़्ढे को भरे जाने की तस्वीर से तो यही कहा जा सकता है कि शहरवासियों को सीवर लाइन की सुविधा कब तक मिलेगी यह तो निश्चित नहीं है लेकिन सीवर लाइन के काम के नाम पर शहर के कई इलाकों में ठेकेदार व नगर निगम के द्वारा परेशानियां जरूर बांटी जा रही हैं। लोगों की माने तो करीब दो माह हो चुके हैं और सीवर लाइन का काम भी पूरा हो गया है लेकिन अव्यवस्थाएं जस की तस हैं।
