
जबलपुर। ट्रेन में सफर के दौरान नौ माह की गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू होने पर रेल मदद 139 उम्मीद की किरण बनी। ट्रेन संख्या 11055 के बी-1 कोच की बर्थ नंबर 66 पर कल्याण से मोहम्मदाबाद जा रहीं 27 वर्षीय रेशमा की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही जबलपुर मंडल सक्रिय हो गया। सूचना मिलते ही सतना स्टेशन के उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) ने तत्काल व्यवस्था कराई। ट्रेन के सतना पहुंचते ही कुलियों की मदद से व्हीलचेयर तैयार रखी गई और महिला को परिजन सहित सावधानीपूर्वक उतारकर प्लेटफॉर्म नंबर-2 से प्लेटफॉर्म नंबर-1 तक पहुंचाया गया।
महिला यात्री के लिए एम्बुलेंस पहले से तैयार थी। रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से बिना किसी विलंब के रेशमा को जिला चिकित्सालय, सतना भेज दिया गया, जहां उन्हें उपचार उपलब्ध कराया गया। संकट की घड़ी में रेलवे के त्वरित समन्वय और संवेदनशीलता ने न केवल महिला यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता दिलाई, बल्कि परिवार को भी बड़ी राहत दी। जबलपुर मंडल ने इस घटनाक्रम के जरिए एक बार फिर साबित किया कि रेल मदद 139 केवल शिकायत का माध्यम नहीं, बल्कि जरूरत के वक्त यात्रियों के लिए तत्काल मदद का भरोसा भी है।
