
छतरपुर। राजनगर थाना क्षेत्र के नदयां गांव में मंगलवार रात तनाव की स्थिति बन गई। रात करीब 10 बजे ठाकुर समाज के 30-40 लोगों ने अचानक पाल समाज पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से हुए इस हमले में हरिदास पाल, वृंदावन पाल, हरिराम पाल, ब्रजमोहन पाल और जागेश्वर पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
