
ग्वालियर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी आज ग्वालियर चंबल क्षेत्र के दौरे पर हैं। वे शाम को भिंड में “वोटचोर गद्दी छोड़” सत्याग्रह करते हुए कांग्रेस की बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। संभागभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भिंड में जुटना सुबह से ही शुरू हो गया है। रैली से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दतिया में जाकर कांग्रेसजनों से मिलेंगे एवं पीतांबरा पीठ पर पूजा अर्चना करेंगे। आज बुधवार दोपहर ग्वालियर संभाग के प्रवेश द्वार गुना बायपास पर कार्यकर्ताओं ने पटवारी का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह को भाई समान बताते हुए कार्यकर्ताओं से उनके समर्थन की अपील की।
पटवारी ने हाल ही में हुई भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को लेकर सरकार को घेरा। जीतू पटवारी ने कहा कि बारिश के बाद मुख्यमंत्री और सिंधिया ने दौरा किया लेकिन लोगों की मदद नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि “दौरे तो हुए, लेकिन क्या पीड़ितों को 5 हजार से ज्यादा मदद मिली?” इस सवाल पर मौजूद भीड़ ने ‘नहीं’ में जवाब दिया और सरकार पर खानापूर्ति का आरोप लगाया।
पटवारी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने लोगों की मुश्किलें नहीं समझीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश के काम में जयवर्धन को आगे बढ़ने दें, ताकि वे बड़ी जिम्मेदारियां निभा सकें। स्वागत के बाद पटवारी दतिया के लिए रवाना हो गए और शाम को भिंड पहुंचकर सत्याग्रह में शामिल होंगे।
