भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी डॉ. मुकेश नायक ने मंगलवार को भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश किया है, ताकि ओबीसी आरक्षण के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाया जा सके।
इस संवाददाता से बातचीत में डॉ. नायक ने कहा कि पटवारी ने हाल ही में मीडिया से चर्चा के दौरान ओबीसी आरक्षण का मुद्दा उठाया था। लेकिन भाजपा ने मुद्दे पर जवाब देने के बजाय एक कटे-फटे वीडियो क्लिप का प्रचार किया, जिसमें यह गलत ढंग से दिखाया गया कि पटवारी ने महिलाओं का अपमान करते हुए कहा है कि वे पहले से ज्यादा शराब पी रही हैं।
डॉ. नायक ने स्पष्ट किया कि पूरी क्लिपिंग में पटवारी ने केवल राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS) का हवाला दिया था। सर्वेक्षण के अनुसार शहरी महिलाओं में शराब सेवन की दर 0.6 प्रतिशत और ग्रामीण महिलाओं में 2.1 प्रतिशत बढ़ी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने तथ्यों को “गंभीर रूप से तोड़-मरोड़कर” जनता को गुमराह करने की कोशिश की है।
