इंडिगो ने मुंबई में शुरू किया नया पायलट प्रशिक्षण केंद्र

मुंबई, 26 अगस्त (वार्ता) देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने मंगलवार को यहां एक अत्याधुनिक पायलट प्रशिक्षण केंद्र के उद्घाटन की घोषणा की।
इंडिगो की प्रवर्तक कंपनी इंटरग्लोब एंटरप्राइजेज ने सीएई के साथ संयुक्त उद्यम सीएई सिमुलेशन ट्रेनिंग प्राइवेट लिमिटेड (सीएसटीपीएल) बनाकर इस केंद्र की शुरुआत की है।
कुल 44,000 वर्ग फुट के इस नये केंद्र में छह पूर्ण-उड़ान सिमुलेटर (एफएफएस) की क्षमता होगी। यह कैलेंडर वर्ष 2026 की पहली तिमाही में दो एयरबस ए320 एफएफएस के साथ परिचालन शुरू कर देगा।
सीएई के वाणिज्यिक विमानन प्रभाग के अध्यक्ष मिशेल अजार-हमौदा ने कहा, “नया मुंबई केंद्र भारत में पेशेवर पायलटों की तेजी से बढ़ती मांग पूरी करने की सीएसटीपीएल की क्षमता का विस्तार करता है। अगले 10 वर्षों में यह मांग 20,000 तक हो सकती है।”
उन्होंने कहा कि मुंबई में नये छह सिम्युलेटर वाले केंद्र के जुड़ने से यहां विश्व स्तरीय प्रशिक्षण मिल सकेगा।
इंटरग्लोब एंटरप्राइजेज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आदित्य पांडे ने कहा, “ ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और बेंगलुरु में अपने वाणिज्यिक विमानन प्रशिक्षण केंद्रों के अलावा मुंबई में सीएसटीपीएल का विस्तार करते हुए हमें खुशी हो रही है। इंटरग्लोब एंटरप्राइजेज और सीएई विमानन क्षेत्र में एक ऐसा पारिस्थितिकी तंत्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो भारत में पायलटों के प्रशिक्षण की बढ़ती वर्तमान और भविष्य की मांग को पूरा कर सके।”
सीएई के 2025 विमानन प्रतिभा पूर्वानुमान के अनुसार, 2034 तक एशिया प्रशांत क्षेत्र में 98,000 नये पायलटों की मांग होगी।
नया सीएसटीपीएल केंद्र एयरबस, एटीआर और बोइंग विमानों के लिए पायलटों को प्रशिक्षित करेगा, जिसमें टाइप रेटिंग, आवर्ती प्रशिक्षण और दक्षता जांच शामिल हैं।

Next Post

रीवा में रोजगार मेले की तैयारी, 10 हजार हितग्राहियों को मिलेगा लाभ

Tue Aug 26 , 2025
रीवा: कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सीएम हेल्पलाइन और टीएल पत्रों की समीक्षा बैठक ली. कई विभागों की डी-ग्रेडिंग पर नाराजगी जताते हुए 10 सितम्बर तक ए-ग्रेड में लाने के निर्देश दिए. तय समय पर सुधार न होने पर अधिकारियों पर कार्रवाई होगी. कलेक्टर ने बताया कि अक्टूबर में रीवा […]

You May Like