
भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को भाजपा नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर आरोप लगाया कि उनकी नीतियों से प्रदेश अभूतपूर्व कर्ज़ में डूब गया है और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है।
पत्रकारों से चर्चा में पटवारी ने कहा कि सरकार ने इतना भारी कर्ज़ लिया है जिसका भुगतान करना भविष्य में बेहद कठिन होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की भलाई पर खर्च करने के बजाय यह धन विधायकों के वेतन बढ़ाने और मंत्रियों-अधिकारियों के लिए लग्ज़री गाड़ियों की खरीद पर लगाया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने आयोजनों पर 5,000 करोड़ रुपये से अधिक और विज्ञापनों पर ही 1,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा खर्च कर डाले हैं। पटवारी के अनुसार, हर विभाग योजनाओं और कामों में कमीशनखोरी में लिप्त है।
कृषि संकट पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि किसानों से कर्ज़ माफी और मुफ्त खाद देने का वादा किया गया था, लेकिन मुख्यमंत्री ने अपना वचन निभाया नहीं। महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए पटवारी ने कहा कि प्रदेश में रोज़ाना औसतन 21 बलात्कार की घटनाएं दर्ज हो रही हैं और अपहरण के मामलों में भी प्रदेश शीर्ष पर है।
उन्होंने मुख्यमंत्री की सार्वजनिक गतिविधियों का उपहास करते हुए कहा कि “जनसमस्याओं पर ध्यान देने की बजाय वे सड़क किनारे पकवानों का स्वाद लेते और तलवार लहराते दिखते हैं।”
पटवारी ने आईटी पार्क को मात्र 10 लाख वार्षिक किराए पर देने और शराबखोरी की बढ़ती प्रवृत्ति पर भी सवाल उठाए। अंत में उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों में कुपोषण की स्थिति भयावह है और मौजूदा सरकार “ग़ैरज़िम्मेदार, भ्रष्ट और जनविरोधी” है।
