मास्को, 25 अगस्त (वार्ता) रूस के उत्तर-पश्चिमी शहर सेंट पीटर्सबर्ग स्थित पुलकोवो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण 90 उड़ानें रद्द कीं और कई अन्य विमानों ने देरी से उड़ान भरी या फिर उनके मार्ग मेंं परिवर्तिन किया गया।
हवाई अड्डा प्राधिकरण ने रविवार को यह जानकारी दी। प्राधिकरण ने एक बयान में कहा, “हवाई अड्डे पर लगभग 20 घंटे तक प्रतिबंधों के बीच परिचालन हुआ। इस दौरान, 90 उड़ानें रद्द कर दी गईं, लगभग 80 उड़ानें दो घंटे से अधिक समय तक विलंबित रहीं और 42 उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों पर स्थानांतरित कर दिया गया।”
इससे पहले, रूसी संघीय वायु परिवहन एजेंसी ने बताया कि सेंट पीटर्सबर्ग के पुलकोवो में उड़ान भरने और उतरने पर प्रतिबंध हटा दिए गए हैं।
गाैरतलब है कि हवाई अड्डा उन्नत मोड में काम कर रहा है। हवाई अड्डा प्रशासन ने कहा कि हवाई अड्डा और एयरलाइन कर्मचारी जल्द से जल्द उड़ान कार्यक्रम को सामान्य करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
