इंदौर: रविवार को छुट्टी और बारिश के कारण आसपास के पिकनिक स्पॉट्स पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए. चोरल और कुंड जैसे स्थलों पर युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी. कई युवक तेज बारिश में कुंड के गहरे पानी में उतर गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को बाहर निकाला. कुछ युवकों को समझाइश दी गई, वहीं कई को डंडे के सहारे पानी से बाहर आना पड़ा.
शहर से बड़ी संख्या में पर्यटक हर बरसात में इन स्थलों की ओर आते हैं. खतरे के बावजूद लोग गहरे पानी में उतरकर अपनी जान जोखिम में डालते हैं. कुछ दिन पहले ही पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर ऐसी जगहों पर न जाने की अपील की थी, लेकिन रविवार को स्थिति एक बार फिर वैसी ही बन गई.
मौके पर पहुंची टीम ने भीड़ हटवाई और पिकनिक स्थलों को खाली कराया. उधर, चोरल और महू रोड पर वाहनों की भारी भीड़ के कारण जाम के हालात बन गए. पुलिस ने जाम खुलवाने के लिए ग्रामीण पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की. अधिकारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में लोगों को खास सतर्क रहना चाहिए और गहरे पानी से दूरी बनाना जरूरी है.
