नयी दिल्ली, 24 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि पार्टी की मजबूती का आधार जिला स्तर का संगठन रहा है और यहीं से कांग्रेस का सत्ता का रास्ता भी खुलता है इसलिए किसी प्रलोभन में आए बिना जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए सबको मिलकर काम करने की ज़रूरत है।
श्री खरगे ने रविवार को यहां पार्टी के नये मुख्यालय इंदिरा भवन में हरियाणा और मध्य प्रदेश के नव नियुक्त जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला अध्यक्ष कांग्रेस संगठन में सबसे मजबूत कड़ी होती है। राज्य में सरकार चुनने और विधान सभाओं में पार्टी के उम्मीदवार को जिताने में उनकी अहम भूमिका होती है। देश में सरकार बनानी हो तो लोकसभा चुनाव जीतने के लिए जिला स्तर संगठन के समर्थन की जरूरत होती है।
उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष ब्लॉक कमेटी बनाते है। मंडल और बूथ कमेटी बनाते है और जब ये कमेटियां बनाएं तो खास ध्यान रखना है कि ये सभी लोग पार्टी के वफ़ादार हों और मेहनती हों।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जिला स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने का काम सबसे महत्वपूर्ण है। यहां पर यह ध्यान भी देना है कि कोई कार्यकर्ता किसी के प्रलोभन में ना आए, पार्टी की विचारधारा पर अडिग बना रहे और किसी भी लालच में हिले नहीं। उनका कहना था कि अगर कांग्रेस ने देश में सबसे लंबे समय तक शासन किया है तो इसकी वजह पार्टी की जिला स्तर पर मजबूती रही है। जब कोई मंत्री किसी जिले में जाता था तो सबसे पहले जिला अध्यक्ष से संपर्क करना होता था। जिला कार्यालय में जाना होता था। बीच में इस परंपरा में थोड़ा बदलाव आ गया। मंत्री लोग अपने चहेतों को जिला अध्यक्ष बनाने लगे, योग्यता और विचारधारा को नज़रअंदाज़ किया जाने लगा।
श्री खरगे ने कहा “इस परंपरा के टूटने की बात राहुल गांधी और मैंने महसूस किया कि यदि कांग्रेस को और उसकी विचारधारा को मजबूत करना है तो जमीनी स्तर पर संगठन की मजबूती आवश्यक है। मेरा अटल विश्वास है कि बिना जिला अध्यक्षों को अहमियत दिए, सत्ता में वापसी नहीं कर सकते, इसलिए जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाना आवश्यक है।”
उन्होंने कहा कि हरियाणा और मध्य प्रदेश विधानसभाओं में कांग्रेस मामूली अंतर से हारी है। मध्य प्रदेश में सात माह में सिर्फ 4 लाख वोट बढ़े, वहीं 2 महीने में 16 लाख वोट बढ़े। हरियाणा में 7 सीटों पर जीत होती तो सरकार कांग्रेस की बनती।
श्री खरगे ने आरोप लगाया कि चुनाव आयुक्त भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहा है इसलिए विपक्ष की नहीं सुन रहा है। भाजपा वोट चोरी कर रही है और बिहार में मतदाता पुनरीक्षण जैसे अभियान चलाकर लोगों के वोट काट रही है भाजपा इस तरह का प्रयास पूरे देश में करेगी इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सतर्क रहना है और अगर बी एल ओ हमारे लोगों की वोट काटता है उसे पकड़ना है और इसकी शिकायत करनी है। कांग्रेस के शासन में लोकतंत्र में जन भागीदारी बढ़ाने का काम हुआ है और मतदाता की उम्र 21 से घटकर 18 की गई थी लेकिन भाजपा लोगों के नाम काटकर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा रही है ।जिला स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करना आप सब की जिम्मेदारी है और इसके लिए आला कमान आपकी हर मदद करने को तैयार है।
