
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में सोमवार को उस वक्त माहौल गर्म हो गया जब भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने कुलपति प्रो. राजेश वर्मा के खिलाफ अनोखा और प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। बैंडबाजे के साथ आए युवकों ने कुलपति से इस्तीफा मांगा। इस मांग से विश्वविद्यालय परिसर गूंज उठा। वहीं बैंड की धुन और ‘कुंभकरण’ के रूप में एक कार्यकर्ता के कानों में बैंड बजाकर संगठन ने कुलपति को जगाने का प्रयास किया।
एक महिला अधिकारी से अभद्रता और अश्लील इशारे करने के मामले में एनएसयूआई लंबे समय से कुलपति के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है। उनसे इस्तीफा मांगा जा रहा है। संगठन का आरोप है कि गंभीर आरोप होने के बावजूद राज्य सरकार ने कुलपति के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की है। महिला अधिकारी से अभद्रता करने का मामला हाईकोर्ट में भी चल रहा है।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कुलपति के लिए एक ट्रॉफी भी भेंट स्वरूप लाई, जिस पर लिखा था- “अंधे, बहरे, गूंगे अयोग्य कुलपति के सम्मान में प्रस्तुत” इस ट्रॉफी के माध्यम से एनएसयूआई ने कुलपति की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष किया।
इस विरोध प्रदर्शन में एन एस यू आई के प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ गौतम, अमित मिश्रा, अनुज यादव समेत बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता मौजूद रहे। एनएसयूआई ने स्पष्ट किया है कि जब तक कुलपति का इस्तीफा नहीं होता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
