ऑस्ट्रेलिया ने मैच, दक्षिण अफ्रीका ने जीती सीरीज

मकाय, 24 अगस्त (वार्ता) कैमरून ग्रीन (नाबाद 118), ट्रैविस हेड (142) और कप्तान मिचेल मार्श (100) की आतिशी शतकीय पारियों के बाद कूपर कॉनली छह ओवर में 22 रन देकर पांच विकेट की घातक गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को तीसरे एकदिवसीय मैच में दक्षिण अफ्रीका को 276 रनों से हरा दिया।हालांकि दक्षिण अफ्रीका ने यह सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है। 142 रनों की शानदार पारी खेलने वाले ट्रैविस हेड को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ तथा 37 रन और छह विकेट लेने वाले केशव महाराज को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ से नवाजा गया।

432रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही और उसने 50 रन के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिये। एडन मारक्रम (दो) , रायन रिकलटन (11), टेम्बा बवूमा (19) और ट्रिस्टन स्टब्स (एक) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद टोनी डीजॉर्जी और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को संभालने का प्रयास किया। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी हुई। 14वें ओवर में कूपर कॉनली ने टोनी डीजॉर्जी 30 गेंदों में 33 रन को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस(49), वियान मुल्डर (पांच), कॉर्बिन बॉश (17), केशव महाराज (दो) को कूपर कॉनली ने आउटकर मैच ऑस्ट्रेलिया की झोली मे डाल दिया। 25वें ओवर की पांचवीं गेंद पर एडम जम्पा ने वेना मफाका (शून्य) को आउटकर 115 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका की पारी का अंत कर दिया।

ऑस्ट्रेलिया के लिए कूपर कॉनली ने छह ओवर में 22 रन देकर पांच विकेट लिये। कूपर कोनोली वनडे में पाँच विकेट लेने वाले सबसे कम उम्र के ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गए! जेवियर बार्टलेट और शॉन एबेट को दो-दो विकेट मिले। एडम जम्पा ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रैविस हेड और मिचेल मार्श की सलामी जोड़ी ने आतिशी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 250 रनों की साझेदारी की। 35वें ओवर में केशव महाराज ने ट्रैविस हेड को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। ट्रैविस हेड ने 103 गेंदों में 17 चौके और पांच छक्के लगाते हुए (142) रनों की पारी खेली। 37वें ओवर में सेनुरन मुथुसामी ने मिचेल मार्श को आउटकर दक्षिण अफ्रीका को दूसरी सफलता दिलाई। मिचेल मार्श ने 106 गेंदों में छह चौके और पांच छक्के लगाते हुए 100 रन बनाये। इसके बाद कैमरून ग्रीन और एलेक्स कैरी की जोड़ी ने विस्फोट बल्लेबाजी का प्रदर्शन कर निर्धारित 50 ओवरों में टीम का स्कोर दो विकेट पर 431 रन पहुंचा दिया। कैमरून ग्रीन ने 55 गेंदों में आठ छक्के और छह चौके लगाते हुए (नाबाद 118) रन बनाये। वही एलेक्स कैरी ने 37 गेंदों में सात चौकों की मदद से नाबाद 50 रनों की पारी खेली।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से केशव महाराज और सेनुरन मुथुसामी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

रक्तदान के प्रति हमें सजग और जागरूक होकर इसे जीवन में अमल में लाना होगा

Sun Aug 24 , 2025
झाबुआ। राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 18वीं पुण्य स्मृति एवं विश्व बंधुत्व दिवस पर ब्रम्हकुमारिज संस्था और समाजसेवा प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में शिव स्मृति भवन, गोपालपुरा में राष्ट्रीय रक्तदान-महादान शिविर आयोजित हुआ। सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक चले शिविर में 100 से अधिक लोगों ने रक्तदान कर संदेश […]

You May Like

Play sound