
अनूपपुर। शहडोल संभाग की कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर लापरवाही पर बिजुरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामला 31 अगस्त की रात लोहसरा निवासी 7 वर्षीय सुफियान कुरैशी की सर्पदंश से मौत का है। परिजन रात 1.50 बजे अस्पताल पहुँचे, लेकिन सूचना के बावजूद डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं आए और केवल सामान्य इंजेक्शन लगाने के निर्देश दिए। डॉक्टर सुबह 8.30 बजे पहुंचे और एंटी-वेनम दिया, लेकिन उपचार में हुई देरी से बच्चे की मौत हो गई। जाँच में लापरवाही सिद्ध होने पर कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में डॉक्टर का मुख्यालय अनूपपुर सीएमएचओ कार्यालय रहेगा। मानवीय संवेदना के तहत कलेक्टर हर्षल पंचोली ने पीड़ित परिवार को रेडक्रॉस से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई और शासन से मिलने वाली मदद हेतु कार्यवाही के निर्देश दिए।
