सार्वजनिक परिवहन का उपयोग राष्ट्रहित से जुड़ा विषय : रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली, 25 मई (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लगातार दूसरे सोमवार ‘मेट्रो मंडे’ पहल के अंतर्गत अपने आवास से दिल्ली सचिवालय तक मेट्रो और डीटीसी बस के माध्यम से यात्रा की।

श्रीमती गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर दिल्ली सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों को सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रेरित करना तथा ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देना है। उन्होंने कहा कि यह देखकर संतोष होता है कि बड़ी संख्या में दिल्लीवासी सार्वजनिक परिवहन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। इससे न केवल लोगों को सुरक्षित, किफायती और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलता है, बल्कि राजधानी में प्रदूषण और ट्रैफिक दबाव को कम करने में भी मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन का उपयोग केवल व्यक्तिगत सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रहित से भी जुड़ा हुआ विषय है। प्रत्येक मेट्रो यात्रा, प्रत्येक बस सफर और प्रत्येक साझा यात्रा ईंधन की बचत, कार्बन उत्सर्जन में कमी और बेहतर शहरी जीवन के निर्माण में योगदान देती है। अगर अधिक से अधिक नागरिक सार्वजनिक परिवहन अपनाते हैं तो इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा, प्रदूषण घटेगा, यात्रा समय में सुधार होगा और देश की ऊर्जा सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार राजधानी के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को और अधिक सशक्त, आधुनिक और नागरिक-अनुकूल बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मेट्रो नेटवर्क के विस्तार, इलेक्ट्रिक बसों की संख्या में वृद्धि, बस सेवाओं के आधुनिकीकरण, अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने और शेयर्ड मोबिलिटी को प्रोत्साहन देने जैसे अनेक कदम उठाए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य दिल्ली को स्वच्छ, हरित और भविष्य के लिए तैयार परिवहन व्यवस्था प्रदान करना है। सरकार केवल नीतियां बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वयं सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर नागरिकों को प्रेरित करने का प्रयास भी कर रही है। ‘मेट्रो मंडे’ इसी सोच का हिस्सा है, जिसके माध्यम से सार्वजनिक जीवन में उदाहरण प्रस्तुत करते हुए नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है।

 

 

Next Post

धार में राज्य सरकार बनायेगी भव्य सरस्वती लोक : सीएम डॉ यादव

Mon May 25 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि धार स्थित भोजशाला परिसर में राज्य सरकार भव्य सरस्वती लोक बनायेगी, यहॉ राजा भोज संस्थान की स्थापना भी की जायेगी। ऐतिहासिक भोजशाला पर माननीय उच्च न्यायालय ने जो निर्णय दिया है, राज्य सरकार इस न्यायिक आदेश का अक्षरश: पालन कराएगी। मुख्यमंत्री […]

You May Like