मुंबई, 30 अप्रैल (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री और निर्माता ऋचा चड्ढा एक बार फिर अपने पुराने शौक बेली डांस से जुड़ रही हैं। ऋचा चड्ढा ने इस बार गोवा में पांच दिन का एक खास ट्रेनिंग कोर्स किया, जिससे इस डांस फॉर्म को और गहराई से समझ सकें। कुछ साल पहले, एक फिल्म के लिए खास डांस नंबर की तैयारी के दौरान, ऋचा ने कज़ाखस्तान में इंटरनेशनल एक्सपर्ट ओल्गा मेओस से ट्राइबल बेली डांस सीखा था,जो शुरुआत में सिर्फ एक रोल की तैयारी थी, वह धीरे-धीरे उनका शौक बन गया। यह डांस फॉर्म अपने कठिन कोर वर्क और शरीर के सटीक मूवमेंट्स के लिए जाना जाता है, जिसने उनकी फिटनेस और क्रिएटिव एक्सप्रेशन दोनों में मदद की। बाद में उन्होंने मुंबई की ट्रेनर शैना लेबाना के साथ भी अपनी प्रैक्टिस जारी रखी।
लॉकडाउन के दौरान भी ऋचा ने ऑनलाइन क्लासेस के ज़रिए अपनी ट्रेनिंग जारी रखी और डांस से जुड़ी रहीं। बेली डांस के अलावा, वह कथक में भी ट्रेंड हैं और बचपन में करीब 10 साल तक उन्होंने पंडित अभय शंकर मिश्रा से ट्रेनिंग ली है। काम की वजह से कुछ समय के लिए बेली डांस से दूर रहने के बाद, अब ऋचा ने फिर से इस डांस फॉर्म से गहराई से जुड़ने का फैसला किया है। गोवा में किया गया यह कोर्स उनके इस नए सफर की शुरुआत है, जो पूरी तरह उनके अपने शौक और सीखने की चाह से प्रेरित है।
अपने इस फैसले के बारे में ऋचा ने कहा, “डिलीवरी के करीब 6-7 महीने बाद मैंने फिर से डांस शुरू किया। मैंने दीपीका विजय से संपर्क किया, क्योंकि वह बहुत अच्छी टीचर हैं।
जो शुरुआत में पोस्टपार्टम फेज में थेरेपी के तौर पर बेली डांस को समझने से शुरू हुआ था, वह अब मेरे लिए एक बड़ा शौक बन गया है। कुछ साल के ब्रेक के बाद मुझे लगा कि मुझे फिर से इसे पूरे मन से सीखना चाहिए। गोवा में किया गया यह कोर्स किसी रोल या परफॉर्मेंस के लिए नहीं है, बल्कि सिर्फ अपने लिए है सीखने, आगे बढ़ने और इस कला से दोबारा प्यार करने के लिए।” इस नए जुनून के साथ ऋचा चड्ढा एक बार फिर यह साबित करती हैं कि उनका सफर सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है, बल्कि लगातार सीखने, अनुशासन और कला के प्रति उनके प्यार से जुड़ा हुआ है।

